मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। आबकारी विभाग द्वारा शराब के नए ठेके छोड़े जाने के बाद से विवादों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हार्वर्ड प्लेस्टेड कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं और प्रिंसिपल ने डीएम से मिलकर स्कूल के बराबर में खोले गए शराब के ठेके का विरोध जताया है। हाथों में फूल लेकर अधिकारियों से मिलने पहुंची छात्राओं ने गुजारिश की कि वह पढ़ना चाहती हैं, लिहाजा शराब का ठेका बंद कराया जाए। बताते चलें कि स्टेडियम चौराहे के पास स्थित हार्वर्ड प्लेस्टेड कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा 12 तक की छात्राएं अध्यनरत हैं। स्कूल की प्रिंसिपल डॉ उपासना सिंह के साथ शुक्रवार को स्कूल की दर्जन भर छात्राएं हाथों में फूल लेकर कलेक्ट्रेट में डीएम से मिलने पहुंचीं। डॉक्टर उपासना सिंह ने आरोप लगाया कि स्कूल के बराबर में ही रिचा सिंह ठेकेदार का बोर्ड लगाकर अंग्रेजी शराब का ठेका खोल दिया गया है। जबकि उनके स्कूल के पास ही कई अन्य स्कूल और चर्च भी है। नियमानुसार धार्मिक स्थल और कन्या इंटर कॉलेज के पास शराब का ठेका नहीं खोला जा सकता। मगर, इसके बावजूद शराब का ठेका खोलकर छात्राओं का भविष्य बर्बाद करने का काम किया जा रहा है। छात्राओं ने अधिकारियों को फूल देते हुए गुहार लगाई कि उनमें से अधिकांश मध्यम वर्गीय परिवारों से हैं। पढ़ाई के लिए सरकारी स्कूल में आती हैं। लेकिन, अगर इस स्कूल के पास भी शराब का ठेका खुल जाएगा तो उनके परिवार के लोग उन्हें स्कूल भेजना बंद कर देंगे। डीएम ने इस मामले में आबकारी अधिकारी को कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
