सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। कैराना सांसद इकरा हसन के साथ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा की गई अभद्रता के विरोध में आज सपा कार्यकर्ताओं ने मण्डलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। आज सपा कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद के नेतृत्व में मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मंडल आयुक्त अटल कुमार राय को दिए ज्ञापन में बताया गया कि विगत् एक जुलाई को सांसद इकरा हसन पूर्व सूचना देने के बाद नगर पंचायत छुटमलपुर की अध्यक्ष श्रीमती शमा परवीन के साथ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) से मिलने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय पहुँची थीं। परंतु निर्धारित समय पर भी अधिकारी न तो कार्यालय में उपस्थित थे और न ही उन्होंने सांसद के फोन कॉल का उत्तर दिया। जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने बताया कि दो घंटे की लंबी प्रतीक्षा के बाद जब अधिकारी उपस्थित हुए, तो सांसद द्वारा विषय उठाए जाने पर उन्होंने न केवल टालमटोल किया, बल्कि एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। जब सांसद ने इस पर आपत्ति जताई तो अधिकारी ने उन्हें कार्यालय से बाहर जाने और ‘जहां चाहो, शिकायत कर लो’ जैसे शब्दों से अपमानित किया।
प्रदेश सचिव मजिहर राणा प्रदेश सचिव, पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप, प्रदेश सचिव रूही अंजुम, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी ने कहा कि यह न केवल लोकसभा सांसद का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का भी घोर उल्लंघन है। उन्होंने मंडलायुक्त से मांग की कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन को संस्तुति भेजकर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी लोकसेवक जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार न कर सके। इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेता साजिद चौधरी, जिला पंचायत सदस्य ममता चौधरी, वरिष्ठ नेता मोहसीन, वीरेंद्र ठाकुर, परवेज़ मलिक, विधायक आशु मलिक प्रतिनिधि मोनिस रजा, चौधरी सलीम अख्तर, चौधरी अब्दुल गफूर, फरहाद आलम गाढ़ा, अनुज मदनुकी, इसरार चौधरी, विलास राणा, मोहसिन मलिक, फैसल सलमानी, फहाद सलीम, अहमद मलिक, चौधरी नियाज, गुलशन खान, महजबी खान, जमाल साबरी, काशिफ अल्वी, वासिल तोमर, चौधरी मेहरबान आदि मौजूद रहे।
