सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। बदहाल विद्युत व्यवस्था के विरोध में आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग की। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय कुमार जैन के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता एकत्र होकर जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विद्युत कटौती और लो वोल्टेज के खिलाफ प्रदर्शन किया। अध्यक्ष संजय कुमार जैन ने कहा कि प्रदेश में लगातार महंगी हो रही बिजली दर और उस पर घंटों बिजली की कटौती की मार झेल रही प्रदेश की जनता सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है, लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली कटौती के कारण आम आदमी और किसान बेहद परेशान है। उन्होंने कहा कि चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में घंटों बिजली कटौती से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि जिले में 10 से 12 घंटे तक बिजली की कटौती की जा रही है। जिसके चलते घरों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है और व्यवसायिक गतिविधियाँ भी ठप हो रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को भी बिजली कटौती के कारण अपनी फसलों की सिंचाई करने में परेशानी हो रही है, जिससे उनकी फसलें खराब हो रही हैं और उनकी आय प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्राइवेट कंपनियों को बिजली बिल निकालने का ठेका देने से भी आम आदमी पर फर्जी बिजली बिलों का बोझ बढ़ गया है। प्राइवेट कंपनियों द्वारा घरों में जाकर मीटर रीडिंग लेने के बजाय मनमाने तरीके से लोगों की बढ़ी मीटर रीडिंग भरकर खुलेआम जनता को लूटने का काम कर रही है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार बिजली कटौती के मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करें, जिससे आम जनता को 24 घंटे बिजली मिल सकें और प्रदेश के किसानों को भी अपनी फसलों की सिंचाई करने में परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा सरकार फर्जी मीटर रीडिंग को लेकर कंपनियों की चल रही मनमानी पर सख्ती से कदम उठाए और इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों में सुशील, विपिन अवाना, डॉ.डीके शर्मा, मुर्तजा, राजेश तायल समेत आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
