
मेरठ। जनपद के मुंडाली-खरखौदा मार्ग पर रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात में रेलवे के एक कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार तीन युवकों ने ड्यूटी पर जा रहे रेलवे कर्मी पर हमला किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी 28 वर्षीय विवेक चौहान, जो खरखौदा रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे, रविवार शाम बाइक से स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान मुंडाली-खरखौदा रोड पर पीछे से आए नकाबपोश तीन युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रुकवाया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। सीने में गंभीर वार लगने से विवेक सड़क पर गिर पड़े और आरोपी फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर मुंडाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विवेक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
मृतक के पिता महेंद्र सिंह चौहान की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्वजन के अनुसार विवेक की किसी से कोई पुरानी रंजिश या हालिया विवाद नहीं था। विवेक चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनके एक भाई निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि दूसरा रोडवेज में कंडक्टर है। विवेक की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी डेढ़ साल की एक बेटी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और एसओजी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि प्रथम दृष्टया सीने पर चाकू से वार किए जाने की पुष्टि हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
