
मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए जेल चुंगी पर तैनात दो दरोगा और एक हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बुधवार शाम एसएसपी शहर में सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने निकले थे। जेल चुंगी पहुंचने पर उन्होंने वहां तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि मेडिकल थाना क्षेत्र के दरोगा सचिन कुमार, हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र और पुलिस लाइन से भेजे गए दरोगा निरंजन सिंह ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित थे। इस पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से तीनों को निलंबित करने के निर्देश दिए।
उधर, शहर के बेगमपुल क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। जीरो माइल्स से बेगमपुल की ओर आ रही स्विफ्ट कार के सामने अचानक बाइक आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कार में सवार लिसाड़ीगेट निवासी अमन पुत्र जुल्फिकार समेत तीन किशोरों को हिरासत में लेकर कार को क्रेन की मदद से हटवाया। तीनों की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब या किसी अन्य नशे की पुष्टि नहीं हुई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस किशोरों से पूछताछ कर रही है और वाहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
इसी दौरान एक अन्य स्थान पर कार और स्कूटी की टक्कर की सूचना भी सामने आई, हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों के समझाने पर दोनों वाहन चालक आपसी सहमति से मौके से चले गए।
