
संवाद सूत्र, लावड़ (मेरठ)।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और सरधना से पूर्व विधायक संगीत सोम ने फिल्म अभिनेता शाहरुख खान को लेकर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने शाहरुख खान पर तीखा हमला करते हुए उन्हें देश विरोधी गतिविधियों से जोड़ने का आरोप लगाया।
बुधवार को दौराला स्थित सुमित्रा फार्म हाउस में आयोजित जन शताब्दी समारोह के अंतर्गत अटल स्मृति सम्मेलन एवं मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यशाला में जनसभा को संबोधित करते हुए संगीत सोम ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर अत्याचार हो रहे हैं, वहां हत्याएं और महिलाओं के साथ गंभीर अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद कुछ लोग ऐसे कदम उठा रहे हैं, जो राष्ट्रहित के खिलाफ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर बांग्लादेश में हालात चिंताजनक बने हुए हैं, वहीं दूसरी ओर फिल्म जगत से जुड़े कुछ लोग और क्रिकेट के माध्यम से ऐसे तत्वों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो देश के हितों के विपरीत हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान का नाम लेते हुए कहा कि देश ने उन्हें पहचान और प्रतिष्ठा दी है, लेकिन अब देश को ऐसे लोगों की आवश्यकता नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए संगीत सोम ने कहा कि जब प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं पर जाते हैं तो उन्हें विश्व स्तर पर सम्मान मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, जैसे मुफ्त राशन, घर-घर शौचालय और उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर वितरण, विपक्षी दलों को असहज कर रही हैं।
संगीत सोम ने यह भी कहा कि देश में राष्ट्रविरोधी सोच रखने वालों की कमी नहीं है और ऐसे लोगों पर सतर्क निगरानी जरूरी है। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को कंबलों का वितरण भी किया गया।
