मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। सोशल मीडिया पर ड्रोन को लेकर फर्जी अफवाह फैलाने के मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में 15 मुकदमे दर्ज किए हैं। जिनमें आठ आरोपियों को चिन्हित करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। एसएसपी विपिन ताडा ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से ड्रोन कैमरों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार फर्जी पोस्ट डाली जा रही थीं। जिसके चलते पुलिस टीमों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान ड्रोन को लेकर इंस्टाग्राम पर डाली गई फर्जी 19 पोस्ट, फेसबुक पर सात फर्जी पोस्ट और ट्विटर पर दो फर्जी पोस्ट सहित 28 पोस्ट को चिन्हित किया गया। जिस पर कार्यवाही करते हुए फर्जी पोस्ट डालने के मामले में परतापुर थाने में दो, परीक्षितगढ़ थाने में तीन, भावनपुर थाने में एक, लोहिया नगर थाने में एक, मेडिकल थाने में एक, मुंडाली थाने में एक, सरधना थाने में एक, कोतवाली थाने में एक, जानी थाने में दो, कंकरखेड़ा थाने में एक और टीपी नगर थाने में एक मुकदमा दर्ज करते हुए जिले के विभिन्न थानों में कुल 15 मुकदमे दर्ज किए गए। जिनमें आठ आरोपियों को चिन्हित करते हुए गिरफ्तार कर दिया गया है। जबकि अन्य की भी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ड्रोन को लेकर फर्जी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
