
मेरठ। डाकघर में स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक कराने के लिए अब लोगों को तय समय के भीतर काम छोड़कर आने की मजबूरी नहीं रहेगी। डाक विभाग ने छावनी क्षेत्र स्थित प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग के लिए 24 घंटे संचालित होने वाला विशेष काउंटर शुरू कर दिया है। इसके तहत सप्ताह के सातों दिन, दिन-रात किसी भी समय बुकिंग कराई जा सकेगी।
मंगलवार को प्रधान डाकघर में पोस्ट फोरम सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आधार नामांकन की सुविधा मेरठ आधार काउंटर पर उपलब्ध कराने, दो अतिरिक्त काउंटर बढ़ाने, पासपोर्ट सेवा काउंटरों की संख्या दो से बढ़ाकर चार करने, साथ ही डाक विभाग के भवनों के जीर्णोद्धार और रंगाई-पुताई का फैसला किया गया।
बैठक के उपरांत 24 घंटे स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग सुविधा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। प्रधान डाकघर के सीनियर पोस्टमास्टर आरसी राणा ने बताया कि यहां पार्सल की बुकिंग सबसे अधिक होती है। रजिस्ट्री सेवा बंद होने के बाद स्पीड पोस्ट कराने वाले ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी है, जिससे दिन के समय लंबी कतारें लग जाती हैं।
उन्होंने बताया कि कनेक्टिविटी और अन्य तकनीकी कारणों से भी लोगों को असुविधा होती थी। इन समस्याओं को देखते हुए 24 घंटे बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है, जिससे ग्राहकों को राहत मिलेगी। इस नई व्यवस्था का लाभ विशेष रूप से त्योहारों के मौसम में अधिक मिलेगा। सुविधा के सुचारू संचालन के लिए दिन और रात की शिफ्ट के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
