मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। लोहिया नगर थाना पुलिस ने शातिर वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से चोरी के नौ दो पहिया वाहन और दो वाहनों के स्पेयर पार्ट्स बरामद किए गए हैं। यह बदमाश रेकी करने के बाद ऐसे स्थानों से वाहन चोरी करते थे, जहां सीसीटीवी कैमरे ना लगे हों। खास बात यह है कि अपनी पहचान छुपाने के लिए सभी बदमाश सिर पर टोपी लगाते थे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए इस गैंग का खुलासा किया। एसपी सिटी ने बताया कि लोहिया नगर पुलिस ने श्याम नगर निवासी अयान, अहमदनगर निवासी आमिर उर्फ मीर, नरहाड़ा निवासी नौशाद, उमर नगर निवासी जुबेर, अहमदनगर निवासी जुनैद और लावड़ निवासी शाहिद को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से चोरी की पांच बाइक, चार स्कूटी व एक बाइक और एक स्कूटी के स्पेयर पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से जिले में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। आमतौर पर यह सभी बदमाश पेशे से मजदूर हैं। मगर अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करते थे। यह बदमाश दिन में घूम कर ऐसे स्थानों की रेकी करते थे, जहां पर सीसीटीवी कैमरे ना लगे हों। इसके बाद सिर पर टोपी लगाकर यहां से वाहन चोरी करते थे। जिससे अगर रास्ते में लगे किसी सीसीटीवी कैमरे में उनकी फुटेज मिल भी जाए तो शक्ल साफ दिखाई ना दे। बदमाश मात्र 30 सेकेंड में वाहनों का हैंडल लॉक तोड़कर मास्टर की से उसे स्टार्ट करके लेकर फरार हो जाते थे। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
