नई दिल्ली एजेंसी। इलॉन मस्क की इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी टेस्ला जुलाई 2025 में भारत में अपने पहले शोरूम ओपन करने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये शोरूम मुंबई और नई दिल्ली में खुलेंगे। कंपनी यहां अपनी मेड-इन-चाइना मॉडल वाई कारें बेचेगी। ये कारें टेस्ला की शंघाई फैक्ट्री से भारत लाई जाएंगी। भारत में कंपनी की कारों की कीमत 48 लाख रुपए से शुरू हो सकती है। टेस्ला का भारत में आना इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट है। कंपनी को यूरोप और चीन में बिक्री में कमी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में भारत उनके लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। कंपनी की मॉडल वाई दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है, ये भारतीय ग्राहकों को भी पसंद आ सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टेस्ला जुलाई के मिड तक मुंबई में अपना पहला शोरूम ओपन करेगी। इसके बाद कंपनी जुलाई में ही नई दिल्ली में भी अपना एक शोरूम खोलेगी। कंपनी ने अमेरिका, चीन और नीदरलैंड से सुपरचार्जर कंपोनेंट, कार एक्सेसरीज, मर्चेंडाइज और स्पेयर्स भी इंपोर्ट किए हैं। टेस्ला कर्नाटक-गुरुग्राम में वेयरहाउस बनाएगीः टेस्ला भारत के साउथ में कर्नाटक में वेयरहाउस के लिए जगह किराए पर ले रही है। इसके अलावा कंपनी नई दिल्ली के बाहर गुरुग्राम में भी जगह लीज पर लेने की प्लानिंग कर रही है। इसके अलावा दूसरे देशों से टेस्ला के अधिकारी मुंबई और
नई दिल्ली के शोरूमों पर वीकली विजिट भी कर रहे हैं। कंपनी भारत में अभी सिर्फ इंपोर्टेड कारें बेचेगी: हालांकि, टेस्ला ने अभी तक भारत में अपनी फैक्ट्री लगाने का फैसला नहीं किया है। कुछ समय पहले खबर आई थी कि टेस्ला गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों में फैक्ट्री लगाने पर विचार कर रही है, लेकिन फिलहाल कंपनी भारत में सिर्फ इंपोर्टेड कारें बेचने पर ध्यान दे रही है।
