मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर अधिकारी निरंतर प्रयास में जुटे हैं। इसी कड़ी में जहां मेरठ पुलिस ने जानकारी जुटाते हुए मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर 30 डाक कांवड़ डीजे के संचालकों को नोटिस तामील कराए हैं। वहीं, शुक्रवार को कांवड़ मार्ग पर हाई रिस्क जोन एरिया में ड्रोन से मॉनिटरिंग करते हुए सुरक्षा-व्यवस्थाओं को परखा गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में 120 से अधिक डाक कांवड़ ऐसे हैं, जिसमें डीजे की ऊंचाई मानकों से कहीं ज्यादा है। इनमें भी 30 डीजे ऐसे हैं, जिनकी ऊंचाई बहुत ही अधिक है। ऐसे में मेरठ पुलिस द्वारा इन 30 डीजे के संचालकों और आयोजकों को नोटिस तामील कराए गए हैं। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि अगर डीजे की ऊंचाई मानकों के अनुरूप नहीं होगी तो डीजे के खिलाफ कार्यवाही के साथ-साथ उसे सीज भी किया जा सकता है। एसपी सिटी ने बताया कि कांवड़ यात्रा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उधर, शुक्रवार को कांवड़ मार्ग पर हाई रिस्क जोन में ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर ड्रोन से मॉनिटरिंग की गई। अधिकारियों के मुताबिक शहर के 23 जोन में तीन कैथड ड्रोन लगाए गए हैं। इसी के साथ शहर में कई स्थानों पर मॉनिटरिंग सेल भी बनाए गए हैं। जो कांवड़ियों की भीड़ और अराजक तत्वों की मॉनिटरिंग करेंगे।
