मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। पीवीवीएनएल एमडी पॉवर ईशा दुहन ने मेरठ से उत्तराखण्ड बार्डर तक कांवड यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। सर्वप्रथम एमडी पॉवर ईशा दुहन ने राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तराखण्ड बार्डर पुरकाजी पहुँची जहाँ उन्होंने विद्युत पोलों पर 8 फीट तक कवर करने, लाईन क्रासिंग पर गार्डिंग आदि विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांवड मार्ग पर विद्युत से सम्बन्धित तैयारियों को परखा। मौके पर प्रबन्ध निदेशक ने पोलों पर पन्नी चढाने आदि कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से कांवड मार्ग पर विद्युत सम्बन्धी तैयारियों पर इनपुट लिया। इस मौके पर एमडी पॉवर ईशा दुहन ने स्वयं टेस्टर से पोल पर करंट लीकेज की जांच की। उन्होंने कहा कि कांवड यात्रा में विद्युत सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबन्ध किये जाये। कांवड मार्ग पर पड़ने वाले विद्युत सम्बन्धी सभी कार्यों को शीघ्र पूरा कराये जाये। जिससे कि कांवड यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति सुदृढ हो सके। राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तराखण्ड बार्डर पुरकाजी का निरीक्षण करने के उपरान्त प्रबन्ध निदेशक ने राष्ट्रीय राजमार्ग पुरकाजी से भूराहेडी चौक पुरकाजी की ओर जाने वाले जीटी रोड का मुआयना किया। मार्ग कांवड मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाता हैं। भूराहेडी चौक पुरकाजी पर प्रबन्ध निदेशक ने ट्रांसफार्मर की फेन्सिंग, बैरिकेटिंग एवं विद्युत लाईनों की गार्डिंग आदि की जांच की। उन्होंने कहा कि कांवड यात्रा की तैयारियों में लापरवाही बरदाश्त नहीं की जायेगी। प्रबन्ध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कार्य में गुणवत्ता नहीं पाये जाने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। इसके पश्चात प्रबन्ध निदेशक पुरकाजी ग्राम पंचायत ऑफिस स्थित पानी की टंकी के पास विद्युत पोलों, ट्रांसफार्मर की बैरिकेटिंग आदि का निरीक्षण करने पहुँची। उन्होंने स्थित सभी विद्युत पोलों का निरीक्षण किया एवं सभी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये नया नवाचार कर अलग अलग जनपदों में काले रंग से अलग यथा लाल, नीला , आसमानी आदि पालीथीन का प्रयोग कर विद्युत खंभों को लीकेज करेंट से बचने हेतु रैपिंग की जा रही है। पुरकाजी ग्राम पंचायत ऑफिस स्थित कांवड मार्ग का निरीक्षण करने के उपरान्त प्रबन्ध निदेशक फलौदा चौराहा, पुरकाजी पहुँची जहां उन्होंने कांवड मार्ग पर विद्युत पोलों पर 8 फीट की ऊँचाई तक पॉलीथीन से कवर करने, विद्युत लाईनों की सैगिंग आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विद्युत सुरक्षा की दृष्टि से कांवड मार्ग पर सभी विद्युत लाईनों को मानकों के अनुसार ऊँचा किया जाये जिससे की किसी भी प्रकार की कोई विद्युत दुर्घटना न हो सके। मौके पर प्रबन्ध निदेशक द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी कांवड पंडाल, कांवड शिविरों को अस्थायी संयोजन बिना किसी परेशानी के तत्काल निर्गत किये जाये। प्रबन्ध निदेशक ने कहा इलैक्ट्रिकल सेफ्टी के मद्देनजर कांवड मार्ग पर पडने वाले सभी ढाबों, पंडाल आदि के संयोजनों का लोड आदि चौक किया जाये जिससे किसी भी प्रकार की कोई दुर्घटना न हो। गंगनहर स्थित एक शिविर में संयोजन न होने पर उन्होंने अधिशासी अभियन्ता, खतौली को फटकार लगायी और विद्युत सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी संयोजन शीघ्र निर्गत करने के निर्देश दिये। गंगनहर स्थित ट्रांसफार्मर को चौक करने पर प्रबंध निदेशक ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से ट्रांसफार्मर के आस-पास लगाई गई रेडी और तिरपाल को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पुलिस प्रशासन के सहयोग से रेडी, तिरपाल आदि को ट्रांसफॉर्मर से उचित दूरी पर लगवाया जाए जिससे कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। निरीक्षण के दौरान एनके मिश्र, निदेशक (तकनीकी), पवन कुमार अग्रवाल, मुख्य अभियन्ता, मुजफ्फरनगर क्षेत्र, मुजपफरनगर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
