शामली। पीवीवीएनएल एमडी पॉवर ईशा दुहन ने मुख्य विकास अधिकारी सभागार में राजस्व वसूली, विद्युत आपूर्ति एवं कांवड़ यात्रा की तैयारी आदि वाणिज्यिक एवं तकनीकी बिन्दुओं पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एमडी पॉवर ईशा दुहन ने कहा कि सभी सम्मानित उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने एवं बेहतर सुविधायें देने के लिए अधिकारी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। प्रबन्ध निदेशक ने बताया कि सुचारु रूप से निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं बेहतर सुविधाओं का लाभ सभी विद्युत उपभोक्ताओं को देने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। बैठक में कांवड़ यात्रा को लेकर एमडी पॉवर ईशा दुहन ने अधिकारियों को विद्युत सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबन्ध करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समस्त पोषकों पर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। कांवड़ यात्रा मार्ग के अन्तर्गत आने वाले 33 के०वी०, 11 के०वी० व एल०टी० विद्युत लाईनों की पेट्रोलिंग आवश्यक रूप से की जाये। उन्होंने कहा कि ढीले तारों की समुचित सैगिंग, जर्जर तारों को बदलने तथा आवश्कतानुसार लाईनों की गार्डिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाये। कांवड़ शिविरों में नियमानुसार अस्थाई विद्युत संयोजन प्राथमिकता पर दिये जाएं। राजस्व वसूली पर समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि राजस्व वसूली में वृद्धि हेतु सार्थक प्रयास किये जायें।उन्होंने कहा राजस्व वसूली का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाये कन्ज्यूमर टर्नअप बढ़ाकर राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। डिफाल्टर उपभोक्ताओं के संयोजन सख्ती से विच्छेदित किये जाएं। उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में राजस्व वसूली की समीक्षा करने के उपरान्त राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष खराब स्थिति एमडी पॉवर ने अधिकारियों को चेतावनी दी। इस मौके पर निदेशक तकनीकी एन. के. मिश्र द्वारा मुजफ्फरनगर-शामली हाईवे पर बनत में नगर पंचायत के निकट स्थित ट्रांसफार्मर की बेरीकेटिंग, विद्युत लाइनों की गार्डिंग आदि का निरीक्षण किया। लाइनों की पेट्रोलिंग करते हुए कावड़ यात्रा मार्ग के अनुरक्षण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। बनत नगर पंचायत में स्थित ट्रांसफार्मर, विद्युत लाईनों आदि का निरीक्षण करने के उपरान्त निदेशक तकनीकी द्वारा मुजफ्फरनगर-शामली रोड पर, विशाल मेगा मार्ट के निगट स्थित विद्युत लाईनों की गार्डिंग, विद्युत पोलों को पिन्नी से कवर करने आदि का निरीक्षण किया। इसके पश्चात् निदेशक तकनीकी ने मुजफ्फरनगर-शामली रोड पर स्थित पंजाबी कॉलोनी के निकट ट्रांसफार्मर की बैरिकेटिंग, गार्डिंग आदि का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिये कि कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे। बैठक के दौरान संजय जैन, निदेशक एन०के० मिश्र निदेशक पवन कुमार मुख्य अभियन्ता मुजफ्फरनगर नगर, क्षेत्र मुजफ्फरनगर, विरेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल शामली, समस्त अधिशासी अभियन्ता (वितरण) उपखण्ड अधिकारी एवं अवर अभियन्ता स्तर तक के अधिकारी कर्मचारियों ने बैठक में प्रतिभाग किया।
