
मेरठ: दिव्यांग को बचाने में हाईवे पर तीन कारें आपस में भिड़ीं, दो लोग घायल; जाम से यातायात ठप
मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा क्षेत्र में दिल्ली–देहरादून हाईवे पर खिर्वा फ्लाईओवर के पास गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पार कर रहे एक दिव्यांग व्यक्ति को बचाने के प्रयास में तीन कारें आपस में टकरा गईं। इनमें से दो कारें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
सूत्रों के अनुसार, कृष्णा पब्लिक स्कूल और खिर्वा फ्लाईओवर के बीच एक दिव्यांग हाईवे पार कर रहा था। देहरादून से दिल्ली की ओर जा रही कार के चालक ने उसे देखकर अचानक ब्रेक लगा दिए। दिव्यांग सुरक्षित रूप से डिवाइडर पर पहुँच गया, लेकिन पीछे से आ रही दूसरी कार पहली कार से टकरा गई। इसके तुरंत बाद तीसरी कार भी दूसरी कार से जा भिड़ी।
टक्कर से तीनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें पहली और तीसरी कार को सबसे अधिक नुकसान हुआ। एक कार टक्कर के बाद सड़क पर घूम गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। तीनों कारों में सवार आठ लोगों में से दो को हल्की चोटें आईं।
हादसे के बाद ड्राइवरों ने एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाया, लेकिन स्थानीय लोगों के समझाने पर सभी वहां से चले गए। कंकरखेड़ा थाने की हाईवे चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
