
एक युवक ने अपनी पत्नी को पड़ोसी युवक के साथ घर के अंदर आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ लिया, जिसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। मामले के बढ़ने पर गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ गांव के जिम्मेदार व्यक्ति भी शामिल हुए। पंचायत के दौरान महिला ने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पति ने पंचायत के सामने ही पत्नी को प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी।
बताया गया कि युवक की शादी तीन वर्ष पहले शामली निवासी युवती से हुई थी। युवक मजदूरी करता है और काम की तलाश में अक्सर घर से बाहर रहता था। इसी दौरान पड़ोसी युवक का घर आना-जाना बढ़ गया और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।
शनिवार शाम जब युवक मजदूरी कर घर लौटा, तो उसने पत्नी को प्रेमी के साथ देख लिया। इस पर उसने विरोध किया और हंगामा हो गया, जिसके बाद मामला पंचायत तक पहुंचा।
प्रेमी मौके से हुआ फरार
घटना के बाद शोर-शराबा सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसी बीच महिला का प्रेमी वहां से फरार हो गया। युवक ने इसकी जानकारी पत्नी के परिजनों को दी। रविवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। इसके बाद सोमवार को गांव में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत के दौरान युवती ने आरोप लगाया कि उसका पति उसकी परवाह नहीं करता, जबकि प्रेमी उसका सम्मान करता है और ध्यान रखता है। पंचायत में काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रही। उसने स्पष्ट रूप से पति के साथ रहने से इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई।
इस पर युवक ने पंचायत के सामने ही पत्नी को प्रेमी के साथ जाने की सहमति दे दी। इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई, जबकि युवक अपने स्वजनों के साथ घर लौट गया।
थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों की आपसी रजामंदी से महिला अपने प्रेमी के साथ गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
