
मेरठ। आईएससी 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए गणित विषय की मॉडल पेपर आंसर की जारी कर दी गई है। सेंट मेरीज एकेडमी के गणित शिक्षक सैय्यद बी. करीम ने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए जरूरी सुझाव साझा किए हैं।
उन्होंने बताया कि शेष बचे समय में केवल चुनिंदा अध्यायों पर निर्भर रहने के बजाय पूरे पाठ्यक्रम का गहन अध्ययन करना आवश्यक है। साथ ही समय-समय पर रिवीजन करते रहना चाहिए। विशेष रूप से कक्षा 11वीं की मूल अवधारणाओं की पुनरावृत्ति पर ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि कई प्रश्न इन्हीं आधारभूत कॉन्सेप्ट्स से जुड़े होते हैं।
रणनीति बनाकर करें अभ्यास
परीक्षार्थियों को दैनिक जागरण द्वारा प्रकाशित मॉडल पेपर के साथ-साथ काउंसिल की ओर से जारी आधिकारिक मॉडल पेपर का अधिक से अधिक अभ्यास करने की सलाह दी गई है। नियमित अभ्यास से प्रश्नों की संरचना समझने के साथ गति और सटीकता में भी सुधार होता है।
शिक्षक करीम के अनुसार, प्रत्येक प्रश्न को हल करते समय पहले संबंधित अध्याय की पहचान करें, आवश्यक सूत्र लिखें और फिर उपयुक्त विधि—बीजगणितीय, ग्राफिकल या मिश्रित—का चयन कर समाधान प्रस्तुत करें। यह व्यवस्थित तरीका छोटी गलतियों की संभावना को कम करता है और लंबे उत्तरों में स्पष्टता बनाए रखता है।
उन्होंने डेरिवेशन याद रखने पर विशेष जोर दिया और कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में इनका महत्व अधिक होता है। उत्तर चरणबद्ध लिखें, आवश्यक स्थानों पर साफ-सुथरे आरेख बनाएं, सही संकेतों और नोटेशंस का प्रयोग करें तथा सभी वैरिएबल्स को स्पष्ट रूप से परिभाषित करें। इससे उत्तर की गुणवत्ता बेहतर होती है और अंक प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

