व्हाट्सएप ने iOS यूजर्स के लिए नया फीचर पेश किया है। अब कॉल रिसीव न होने पर, कॉलिंग स्क्रीन से ही वॉइस मैसेज भेजा जा सकेगा। इसके लिए चैट खोलने की जरूरत नहीं होगी। यह मैसेज मिस्ड कॉल अलर्ट के साथ भेजा जाएगा, जिससे कॉल का कारण पता चलेगा। कंपनी वीडियो कॉल के लिए भी ऐसा ही फीचर ला रही है।

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली।
इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp हाल के महीनों में कई उपयोगी फीचर्स पेश कर चुका है, जिससे न सिर्फ चैटिंग बल्कि कॉलिंग अनुभव भी और बेहतर हो गया है। इसी क्रम में कंपनी ने अब iOS यूजर्स के लिए एक नया और बेहद सुविधाजनक फीचर रोल आउट किया है, जो कॉल रिसीव न होने की स्थिति में भी काम आता है।
अब यदि कॉल रिसीव नहीं हो पाती है, तो यूजर को चैट विंडो खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। WhatsApp ने कॉलिंग स्क्रीन पर ही वॉयस मैसेज रिकॉर्ड कर भेजने का विकल्प जोड़ दिया है। यानी कॉल कटने के बाद उसी स्क्रीन से आप तुरंत एक वॉयस नोट रिकॉर्ड कर सकते हैं। फिलहाल यह सुविधा केवल iPhone यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है। आइए जानते हैं इस फीचर की खासियत…
कॉल स्क्रीन पर मिला नया ‘Record voice message’ फीचर
अक्सर ऐसा होता है कि कॉल रिसीव न होने पर हमें चैट खोलकर मैसेज भेजना पड़ता है। नए फीचर के साथ अब यह प्रक्रिया आसान हो गई है। कॉल स्क्रीन पर उपलब्ध ‘Record voice message’ विकल्प से यूजर सीधे वॉयस नोट रिकॉर्ड कर सकता है, जो मिस्ड कॉल नोटिफिकेशन के साथ रिसीवर को भेज दिया जाएगा। इससे कॉल का कारण समझना आसान हो जाएगा और रिसीवर समय मिलने पर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकेगा।
वीडियो कॉल के लिए भी जल्द आएगा नया विकल्प
रिपोर्ट्स के अनुसार WhatsApp वीडियो कॉल्स के लिए भी इसी तरह का फीचर विकसित कर रहा है, जिसमें वीडियो कॉल रिसीव न होने पर यूजर एक छोटा वीडियो रिकॉर्ड कर भेज सकेगा।
चूंकि ‘Record voice message’ फीचर अभी हाल ही में जारी किया गया है, इसलिए संभव है कि सभी यूजर्स को यह तुरंत दिखाई न दे। कंपनी का उद्देश्य कॉलिंग अनुभव को और सरल, तेज और बेहतर बनाना है।
