
HIGHLIGHTS
- मेरठ में अधिकतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज, शीत दिवस जैसे बने हालात।
- मौसम विभाग का अलर्ट, आने वाले 10 दिन ठंड के लिहाज से सबसे कठिन रहने की संभावना।
- वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंची, प्रदूषण और सर्द हवाओं से बढ़ी लोगों की परेशानी।
हीरा संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मेरठ सहित पश्चिमी यूपी में ठंड के आगे धूप भी असरहीन नजर आ रही है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का दूसरा सबसे कम स्तर रहा। हालांकि हवाओं की गति बहुत अधिक नहीं थी, फिर भी गलन के कारण लोग दिनभर ठिठुरते रहे। हालात शीत दिवस जैसे बने रहे।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले 10 दिन ठंड के लिहाज से बेहद कठोर साबित हो सकते हैं। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक भी बिगड़कर खराब श्रेणी में पहुंच गया। शाम चार बजे एक्यूआई 257 दर्ज किया गया, जबकि दोपहर के बाद पीएम 2.5 का स्तर 320 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से ऊपर बना रहा। देर रात तक प्रदूषण में और इजाफा देखने को मिला। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही सर्द हवाओं का असर अब मैदानी इलाकों में साफ महसूस किया जा रहा है।
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार सुबह धुंध छाई रही और धूप देर से निकली। वातावरण में नमी और गलन के चलते लोग दिनभर सर्दी से परेशान रहे। मेरठ कॉलेज के भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कंचन सिंह के अनुसार भूमध्य सागर से उठने वाली हवाएं हिमालय पर्वत श्रृंखला को पार कर उत्तर भारत और एनसीआर तक पहुंचती हैं, जिससे ठंड में तीव्रता आ जाती है।
मंगलवार को हवाएं भले ही कमजोर रहीं, लेकिन शाम ढलते ही ठंड का असर तेज हो गया। शाम साढ़े पांच बजे तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान के अनुसार जब अधिकतम तापमान 16 डिग्री से नीचे और सामान्य से चार डिग्री कम हो जाए, तो कोल्ड डे की स्थिति मानी जाती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री कम रहा।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डॉ. यूपी शाही ने बताया कि आगामी 10 दिन सर्दी के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। अनुमान है कि दिन में भी तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना रहेगा।
ठंड बढ़ने के साथ ही बाजारों में भी रौनक लौट आई है। सदर बाजार और सेंट्रल मार्केट में गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। लोग टोपी, मफलर, जैकेट और स्वेटर की खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार ऊनी कपड़ों की मांग में तेजी आई है।
वहीं सर्दी से राहत पाने के लिए चाय के ठीए भी गुलजार नजर आए। कचहरी, सर्किट हाउस, शर्मानगर, कुटिया, घंटाघर और सदर क्षेत्र में लोग गर्म चाय की चुस्कियों के साथ ठंड से मुकाबला करते दिखे। मूंगफली, रेवड़ी और गजक की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही।
