
मेरठ। शहर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत करीब 56 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन योजनाओं में पथ प्रकाश व्यवस्था के आधुनिकीकरण, प्रमुख सड़कों के सुधार और सात महत्वपूर्ण चौराहों के सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे आने वाले समय में शहर की यातायात व्यवस्था और स्वरूप में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
योजनाओं के अनुसार स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को पूरी तरह आधुनिक बनाया जाएगा। शहरभर में ऑटोमेटिक ऑन-ऑफ सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे बिजली की बचत के साथ संचालन अधिक प्रभावी होगा। मुख्य मार्गों पर विक्टोरिया लाइटें लगाई जाएंगी, जबकि चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। लाइटों के रखरखाव और मरम्मत के लिए छह हाइड्रोलिक एलिवेटर भी खरीदे जाएंगे।
सड़क विकास के तहत ईव्ज चौराहा (माधव चौक) से अंबेडकर चौक तक वेस्टर्न कचहरी रोड को व्हाइट टॉपिंग तकनीक से विकसित किया जाएगा। फाइबर मिश्रित कंक्रीट से बनने वाली यह सड़क जलभराव की स्थिति में अधिक टिकाऊ होगी। इसके अलावा माधव चौक से शंकर आश्रम होते हुए अंबेडकर चौराहे तक कंक्रीट सड़क निर्माण का भी प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है।
अवस्थापना विकास निधि समिति की बैठक में शहर के सात प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी मुहर लगी है। बेगलपुल, जिसे अब भारत माता चौक के नाम से जाना जाता है, के साथ मवाना रोड, गंगानगर तिराहा, अंबेडकर चौराहा, कचहरी रोड, मेडिकल गेट तिराहा और हंस चौराहा का कायाकल्प किया जाएगा। अकेले भारत माता चौक के सौंदर्यीकरण पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। समिति ने निर्देश दिए हैं कि सभी चौराहों के लिए विस्तृत सर्वे और तकनीकी परीक्षण के बाद विशेषज्ञों की राय लेकर डिजाइन तैयार की जाए।
इसके साथ ही अन्य विकास प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है। 2.44 करोड़ रुपये से 17 प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया जाएगा। 3.61 करोड़ रुपये से कान्हा गोशाला परतापुर का उन्नयन होगा। 5.07 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर 196 वेंडिंग शॉप बनाई जाएंगी। शहर के 100 पार्कों में 10 करोड़ रुपये से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। पल्लवपुरम में मेडा से हस्तांतरित विवाह मंडप हॉल का निर्माण 3 करोड़ रुपये से किया जाएगा। नई सड़क पर 1.65 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत नाले का निर्माण होगा। सरदार पटेल इंटर कॉलेज, शारदा रोड के कायाकल्प के लिए 5.21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा भारत माता चौक सहित पांच चौराहों के सौंदर्यीकरण पर 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह सभी निर्णय सोमवार रात विकास भवन में आयोजित बैठक में लिए गए, जिसकी अध्यक्षता महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने की। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार सहित पीडब्ल्यूडी और मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे। समिति ने कुछ अतिरिक्त प्रस्तावों पर विस्तृत लागत आकलन रिपोर्ट तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए हैं।
