
रुड़की में गंगनहर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घर पहुंचने की जल्दबाजी और तेज गति उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। तीव्र मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे गंगनहर में जा गिरा। हादसे की भयावहता का अंदाजा सड़क पर पड़े गहरे ब्रेक के निशानों से लगाया जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में सौरभ शर्मा (25) और आयुष शर्मा उर्फ पुनीत (25) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक मेरठ जिले के जोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुराली के निवासी थे। बताया गया कि तेज रफ्तार में आ रही कार मोड़ पर ब्रेक लगाने के बावजूद नियंत्रित नहीं हो सकी और गंगनहर में समा गई।
शनिवार की रात कड़ाके की ठंड थी। आयुष हाल ही में हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री की नौकरी छोड़ चुका था। वह अपने दोस्त सौरभ के साथ हरिद्वार से कुछ सामान लेकर वापस घर लौट रहा था। देर रात होने के कारण दोनों को जल्द घर पहुंचने की चिंता थी, लेकिन यही जल्दबाजी उनके लिए जानलेवा साबित हुई।
हादसे के बाद गंगनहर में गिरती कार की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पास ही मोहम्मदपुर झाल पर तैनात कर्मचारी अमित सैनी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ाके की ठंड के बीच करीब दो घंटे तक चले अभियान में पहले दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
-1767537837446.jpg)
इसके बाद उत्तर प्रदेश के पुरकाजी से क्रेन मंगवाकर कार को गंगनहर से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, आयुष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है, जबकि सौरभ दो भाइयों में से एक था। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
