
आम आदमी पार्टी (AAP) ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर पर मेरठ में 47 दलितों की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक बयान में दावा किया कि मंत्री ने साजिश के तहत मेरठ के कायस्थ गांवड़ी गांव में दलितों की जमीन कब्जाई है। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाएगी।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन और उनकी संपत्ति का पूरा ब्योरा सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध है। मंत्री ने आरोपों को छवि खराब करने के उद्देश्य से लगाए गए मिथ्या आरोप बताते हुए कहा कि वह किसी भी स्तर की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मंत्री ने दिया मानहानि का नोटिस
इस बीच, आम आदमी पार्टी मेरठ के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने बताया कि ऊर्जा राज्यमंत्री की ओर से उन्हें पांच करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी नोटिस से डरने वाली नहीं है और जरूरत पड़ी तो जेल जाने और सड़कों पर संघर्ष के लिए भी तैयार है।
