
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में सोमवार को वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष चर्चा आयोजित की गई। करीब 10 घंटे चली बहस की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।
इसके जवाब में विपक्ष की ओर से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सदन में पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए काम करती है, जबकि कांग्रेस देश के लिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि भले ही कांग्रेस कितने भी चुनाव हार जाए, लेकिन उनकी पार्टी संसद में बैठकर सत्ता पक्ष और उसकी विचारधारा से लड़ती रहेगी।
उन्होंने आगे कहा, “हम अपने देश के लिए लड़ते रहेंगे। आप हमें रोक नहीं सकते।”
प्रियंका गांधी का हमला
लोकसभा में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर हुई चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सदन में इस विषय पर बहस के दो प्रमुख कारण हैं। पहला, पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव, जिनके मद्देनज़र प्रधानमंत्री अपनी भूमिका को स्थापित करना चाहते हैं। दूसरा, उनके अनुसार, आज़ादी की लड़ाई लड़ने और देश के लिए बलिदान देने वाले नेताओं पर नए आरोप लगाने का अवसर तलाशा जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार इस तरह की बहसों के ज़रिए जनता से जुड़े अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
