
नई दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतों में सोमवार सुबह बाजार खुलते ही एक बार फिर जबरदस्त तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों कीमती धातुओं के भाव उछलने से निवेशकों और सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है। मजबूत वैश्विक संकेतों और निवेशकों की बढ़ती मांग के चलते सोना-चांदी ने कारोबारी सत्र की शुरुआत तेजी के साथ की।
सोमवार, 15 दिसंबर को एमसीएक्स पर फरवरी 2026 एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना करीब 1.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,578 रुपये चढ़कर 1,35,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने ने 1,35,380 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्च स्तर छुआ, जबकि इसका निचला स्तर 1,34,204 रुपये रहा। इससे पहले पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को सोना 1,33,622 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
उधर, चांदी की कीमतों में भी तूफानी तेजी जारी रही। मार्च एक्सपायरी वाली चांदी में करीब 2.10 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई। यह 4,041 रुपये मजबूत होकर 1,96,892 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार करती नजर आई। सत्र के दौरान चांदी 1,97,131 रुपये प्रति किलो के उच्च स्तर तक पहुंची, जबकि इसका निचला स्तर 1,94,681 रुपये प्रति किलो रहा।
पिछले कारोबारी सत्र यानी 12 दिसंबर को चांदी 1,92,851 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। खास बात यह है कि शुक्रवार को चांदी ने पहली बार 2,01,000 रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर को भी छू लिया था, जिससे बाजार में तेजी को लेकर धारणा और मजबूत हुई है।
लगातार बढ़ती कीमतों के बीच अब बाजार की नजरें आगे के रुख पर टिकी हैं। जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिल रहे संकेतों और घरेलू मांग के रुझान के चलते आने वाले दिनों में सोना-चांदी की चाल में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
